भारत की सबसे बड़ी एथनिक फूड कंपनी हल्दीराम ग्रुप अब पश्चिमी शैली के क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) बाजार में प्रवेश करने की तैयारी कर रहा है. कंपनी, जो अब तक पारंपरिक नमकीन, मिठाइयों और फैमिली रेस्टोरेंट के लिए जानी जाती थी, अमेरिकी रेस्टोरेंट कंपनी इंस्पायर ब्रांड्स के साथ एक खास फ्रेंचाइजी डील पर काम कर रही है. यदि यह डील पूरी हो जाती है, तो हल्दीराम भारत में इंस्पायर ब्रांड्स की प्रसिद्ध सैंडविच चेन जिमी जॉन्स को लॉन्च करेगा.
भारत की सबसे बड़ी एथनिक फूड सर्विस कंपनी, हल्दीराम ग्रुप, पश्चिमी शैली के क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) खोलने पर विचार कर रही है. इसके लिए अमेरिका स्थित ग्लोबल रेस्टोरेंट ग्रुप इंस्पायर ब्रांड्स के साथ एक स्पेशल फ्रेंचाइजी डील के लिए बातचीत कर रही है. ताकि इंस्पायर ब्रांड्स की सैंडविच चेन जिमी जॉन्स को भारत में लॉन्च किया जा सके. इंस्पायर ब्रांड्स के स्वामित्व वाले दो अन्य ग्लोबल ब्रांड, ग्लोबल कॉफी एंड डोनट चेन डंकिन’ और आइसक्रीम व केक शॉप बास्किन-रॉबिन्स, क्रमशः जुबिलेंट फ़ूडवर्क्स लिमिटेड (JFL) और ग्रेविस ग्रुप के साथ स्पेशल फ्रैंचाइजी पार्टनर के माध्यम से भारत में पहले से ही काम कर रहे हैं.
जल्द हो सकती है बड़ी डील
एक सूत्र ने बताया कि हल्दीराम का फाउंडर परिवार, अग्रवाल, सबवे और टिम हॉर्टन्स जैसे ग्लोबल ब्रांडों के साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहता है, साथ ही बढ़ते, महत्वाकांक्षी युवा उपभोक्ता वर्ग में भी शामिल होना चाहता है, जो वेस्टर्न कैफे-शैली के स्वरूपों के प्रति अत्यधिक आकर्षण रखते हैं. ग्रुप की FMCG यूनिट का नाम हल्दीराम स्नैक्स फ़ूड प्राइवेट लिमिटेड है, लेकिन अगर यह डील हो जाती है तो QSR चेन रेस्टोरेंट बिजनेस के अंतर्गत आ जाएगी. हल्दीराम का लगभग 2,000 करोड़ रुपए का रेस्टोरेंट बिजनेस वर्तमान में भारत में 150 से ज़्यादा आउटलेट ऑपरेट करता है. हल्दीराम के प्रवक्ता की ओर से किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया गया है. वहीं दूसरी ओर इंस्पायर ब्रांड्स ने भी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
कब अस्तित्व में आया था जिमी जॉन्स
1983 में स्थापित, जिमी जॉन्स एक सबवे-शैली की सैंडविच और रैप चेन है, जिसके अमेरिका, कनाडा, दक्षिण कोरिया और संयुक्त अरब अमीरात में 2,600 से ज़्यादा रेस्टोरेंट हैं. अमेरिका में, जिमी जॉन्स अपनी वेबसाइट के अनुसार, 2.6 बिलियन डॉलर की कुल सिस्टम बिक्री के साथ सबसे बड़ा स्वामित्व वाला डिलीवरी सैंडविच ब्रांड है. मल्टी-ब्रांड रेस्टोरेंट कंपनी, इंस्पायर ब्रांड्स के नेतृत्व ने हाल ही में अपनी कमाई के बाद प्रबंधन की टिप्पणी में कहा है कि वह इंटरनेशनल फ्रैंचाइजी डील के ज़रिए नए बाजारों में विस्तार करना चाहता है. इंस्पायर ब्रांड्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (अंतर्राष्ट्रीय) माइकल हेली ने हाल ही में तिमाही नतीजों में कहा कि 40 सालों से, जिमी जॉन्स ने क्वालिटी सैंडविच बनाने का एक सीधा-सादा तरीका अपनाया है और अब समय आ गया है कि इसे दुनिया के साथ साझा किया जाए.
इंस्पायर ब्रांड की कितनी सेल
इस अप्रैल में, हल्दीराम के फाउंडर परिवार के सदस्यों में से एक, कमल अग्रवाल ने अपने फैमिली ऑफिस के माध्यम से वॉव! मोमो में 150 करोड़ रुपए के निवेश का नेतृत्व किया था. 2018 में स्थापित इंस्पायर ब्रांड्स वर्तमान में चार ग्लोबल मार्केट में ऑपरेट कर रहा है, जिसकी ग्लोबल सेल 32.6 बिलियन डॉलर है और 2024 तक इसके 33,000 रेस्टोरेंट थे. ग्रुप ने अभी तक अपने 2025 के आंकड़ों की घोषणा नहीं की है. इसके पोर्टफोलियो में फास्ट फूड चेन आर्बीज, स्पोर्ट्स बार बफ़ेलो वाइल्ड विंग्स और ड्राइव-इन चेन सोनिक भी शामिल हैं.
हल्दीराम को 2024 में कितना मुनाफा
कंपनी रजिस्ट्रार को दी गई जानकारी के अनुसार, हल्दीराम स्नैक्स फ़ूड ने वित्त वर्ष 2024 में 12,800 करोड़ रुपए का रेवेन्यू और 1,400 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया. अप्रैल 2025 में, हल्दीराम ने अपने दिल्ली और नागपुर FMCG बिजनेस का विलय करके एक सिंगल यूनिट, हल्दीराम स्नैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड, का गठन किया. विलय की औपचारिकता स्नैक्स मेकर द्वारा वैश्विक निवेशकों टेमासेक, अल्फा वेव ग्लोबल और इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आईएचसी) को अल्पमत हिस्सेदारी बेचने के बाद पूरी हुई. टेमासेक ने लगभग 10 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर बिजनेस में 10 फीसदी हिस्सेदारी हासिल की थी. अल्फा वेव और आईएचसी ने संयुक्त रूप से 6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी.
7.76 लाख करोड़ का होगा फूड सर्विस मार्केट
भारतीय राष्ट्रीय रेस्टोरेंट संघ (एनआरएआई) की एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि भारत का फूड सर्विस मार्केट वित्त वर्ष 2028 तक बढ़कर 7.76 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा, जो वित्त वर्ष 2024 में 5.69 लाख करोड़ रुपए था. रिपोर्ट में इस वृद्धि का श्रेय युवा कंज्यूमर्स के बढ़ते बेस, बाहर खाने-पीने की दुकानों में लगातार वृद्धि और एंड-मील डिलीवरी की सुविधा प्रदान करने वाले फूड डिलिवरी प्लेटफार्मों को दिया गया है.
