Home कारोबार कृषि उद्योग मखाने की खेती ने बदल दी किसान की किस्मत:यूट्यूब से मिली सीख

मखाने की खेती ने बदल दी किसान की किस्मत:यूट्यूब से मिली सीख

0

बिहार के मधेपुरा जिले के झिटकिया गांव में रहने वाले किसान सतेंद्र यादव पहले धान और गेहूं के साथ अन्य पारंपरिक खेती करते थे. वे खेत में धान और गेहूं उगाते थे. इससे घर चल तो जाता था, लेकिन ज्यादा बचत नहीं हो पाती थी. वे चाहते थे कि कुछ ऐसा काम करें जिससे आमदनी बढ़े और परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके.

यूट्यूब वीडियो जिसने सोच बदल दी
साल 2023 में सतेंद्र यादव ने यूट्यूब पर मखाना कारोबार से जुड़ा एक वीडियो देखा. उस वीडियो में बताया गया था कि मखाना कैसे उगाया जाता है और इससे अच्छा पैसा कैसे कमाया जा सकता है. यह वीडियो देखकर उनकी सोच बदल गई. उन्होंने तय किया कि अब कुछ नया करना है.

घर से शुरू किया कारोबार
सतेंद्र यादव ने किसान तक को बताया की वो अपने घर से ही मखाने का छोटा सा काम शुरू किया. उन्होंने अपने कारोबार का नाम रखा पाटलिपुत्र फूड इंडस्ट्रीज. शुरुआत आसान नहीं थी. पैसे की कमी, सही जानकारी न होना और बाजार तक पहुंच बनाना-सब कुछ मुश्किल था. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. वे हर दिन कुछ नया सीखते रहे और धीरे-धीरे काम आगे बढ़ता गया.

मखाना की खेती कैसे होती है?
मखाना की खेती तालाब या पानी भरे खेत में होती है. सबसे पहले किसान तालाब को साफ करते हैं. फिर उसमें मखाना के बीज डाले जाते हैं. कुछ महीनों बाद पौधे बड़े हो जाते हैं और पानी के ऊपर पत्ते दिखने लगते हैं. इसके बाद मखाना के दाने पानी के अंदर तैयार होते हैं. इन दानों को निकालना बहुत मेहनत का काम होता है. किसान पानी में उतरकर हाथ से मखाने के दाने निकालते हैं. फिर इन्हें धूप में सुखाया जाता है.

मखाना कैसे तैयार किया जाता है?
सूखे मखाने को पहले भूनना होता है. इसके लिए खास तरीका अपनाया जाता है.
पहले मखाना को तेज आग पर भुना जाता है.
फिर उसे हल्के हाथ से दबाया जाता है, जिससे वह फूल जाता है.
इसके बाद छिलका हटाया जाता है.
तैयार मखाना साफ करके पैक किया जाता है.
सतेंद्र यादव ने इसमें नया प्रयोग किया. उन्होंने मखाने में अलग-अलग स्वाद मिलाए.
अलग-अलग फ्लेवर के मखाने
आज सतेंद्र यादव सिर्फ सादा मखाना नहीं बेचते. वे कई तरह के फ्लेवर वाले मखाने बनाते हैं, जैसे-

पुदीना मखाना
ओनियन क्रीम मखाना
पेरी-पेरी मखाना

इन फ्लेवर वाले मखानों को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं, खासकर बच्चे और युवा.

गांव को भी मिला रोजगार
इस मखाना कारोबार से सिर्फ सतेंद्र यादव ही नहीं, बल्कि गांव के और लोगों को भी फायदा हुआ. आज उनके यहां गांव के करीब 12 लोगों को काम मिला है. कोई मखाना तैयार करता है, कोई पैकिंग करता है और कोई सप्लाई का काम देखता है.

देश के बड़े शहरों तक सप्लाई
आज सतेंद्र यादव के मखाने सिर्फ गांव या जिले तक सीमित नहीं हैं. उनके उत्पाद पटना, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और झारखंड तक भेजे जाते हैं. लोग उनके ब्रांड को पहचानने लगे हैं और दोबारा ऑर्डर भी करते हैं.

लाखों का मासिक टर्नओवर
लगातार मेहनत और सही योजना के कारण आज सतेंद्र यादव का मखाना कारोबार हर महीने करीब 20 से 25 लाख रुपये का टर्नओवर कर रहा है. जो किसान कभी सीमित आमदनी में जी रहा था, आज वह गांव से ही बड़ा बिजनेस चला रहा है.

बच्चों के लिए सीख
इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती. अगर हम कुछ नया सीखें और मेहनत करें, तो हम अपनी जिंदगी बदल सकते हैं. यूट्यूब जैसे माध्यम सही जानकारी दें, तो गांव का किसान भी बड़ा कारोबारी बन सकता है.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version