जमुई के किसान पिंटू मंडल ने स्मार्ट तरीके से की गोभी की खेती, अब हो रही है बंपर कमाई

0
17

जमुई: बिहार में जमुई जिले के झाझा प्रखंड के बाराजोर पंचायत के धपरी गांव निवासी प्रगतिशील किसान पिंटू मंडल हैं. वह घर बैठे ही गोभी की खेती कर अच्छी कमाई कर रहे हैं. किसान पिंटू मंडल बताते हैं कि शुरुआत में जब उन्होंने सब्जी की खेती शुरू की तो कई लोगों को संदेह था कि इससे ज्यादा लाभ नहीं होगा, लेकिन उन्होंने मेहनत और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर यह साबित कर दिया कि अगर सही तकनीक अपनाई जाए तो सब्जी उत्पादन से अच्छी आमदनी संभव है.

किसान पिंटू मंडल ने बताया कि गोभी की खेती के लिए सबसे पहले अच्छी और उपजाऊ मिट्टी का चयन करना जरूरी होता है. खेत की मिट्टी भुरभुरी और जल निकासी वाली होनी चाहिए. ताकि पानी जमा न रहे. खेत की अच्छी तरह जुताई कर उसमें गोबर की सड़ी हुई खाद मिलाने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और पौधे का विकास बेहतर होता है. उन्होंने बताया कि अच्छी गुणवत्ता वाले बीज का चयन करना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि बीज की गुणवत्ता ही उत्पादन को प्रभावित करती है.

समय का रखें नियमित ध्यान

किसान पिंटू मंडल कहते हैं कि गोभी की खेती में समय पर रोपाई और पौधों के बीच उचित दूरी रखना बेहद जरूरी है. पौधों के बीच पर्याप्त जगह रहने से उन्हें बढ़ने का अच्छा मौका मिलता है और फूल भी बेहतर बनता है. उन्होंने बताया कि पौधों की रोपाई के बाद नियमित सिंचाई और निराई-गुड़ाई करते रहना चाहिए. ताकि खेत में खरपतवार न पनपे. खरपतवार पौधों की वृद्धि को प्रभावित करते हैं और उत्पादन कम कर देते हैं.

इसके अलावा समय-समय पर जैविक या संतुलित खाद का उपयोग करने से पौधों की वृद्धि तेज होती है. उन्होंने यह भी बताया कि गोभी के पौधों में कीट और रोग का खतरा भी रहता है. इसलिए किसानों को समय-समय पर पौधों की जांच करते रहना चाहिए. अगर किसी पौधे में बीमारी के लक्षण दिखाई दे तो तुरंत उसका उपचार करना जरूरी होता है.

सही तकनीक से होगी बेहतर उपज

किसान पिंटू मंडल बताते हैं कि मेहनत और सही तकनीक अपनाने से गोभी की खेती से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. उनके प्रयास को देखकर गांव के अन्य किसान भी इस खेती की ओर आकर्षित हुए. धीरे-धीरे बासुदेव मंडल, पंकज मंडल, गौतम मंडल, नाथू मंडल, त्रिलोकी और सत्यनारायण मंडल जैसे कई किसानों ने भी गोभी की खेती शुरू कर दी है. आज स्थिति यह है कि धपरी गांव में करीब 5 बीघा से अधिक जमीन पर गोभी की खेती हो रही है.

किसान ने बताया कि यहां की ताजी सब्जियां झाझा से लेकर जमुई बाजार तक भेजी जा रही हैं. इससे किसानों की आमदनी बढ़ी है और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है. किसान ने बताया कि अगर धैर्य और सही जानकारी के साथ सब्जी की खेती करें तो यह खेती उनके लिए लाभ का बड़ा साधन बन सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here