देश में टमाटर की खेती कई राज्यों में की जाती है जिनमें आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और तमिलनाडु राज्य शामिल हैं. ये राज्य देश के कुल टमाटर उत्पादन का लगभग 91 प्रतिशत उत्पादन करते हैं. वहीं इन राज्यों के ज्यादातर किसान लाल टमाटर की खेती करते हैं. लेकिन पिछले कुछ सालों में काले टमाटर की खेती का भी चलन बढ़ा है. अभी तक बहुत कम लोग ही काले टमाटर की खेती के बारे में जानते हैं. हालांकि मार्केट में इसकी एंट्री हो चुकी है. इसे इंडिगो रोज टोमेटो के नाम से भी जाना जाता है. अब जानिए काले टमाटर की खेती करने का तरीका और काले टमाटर का सेवन करने के फायदे
काले टमाटर की खेती कब शुरू हुई
काले टमाटर की खेती सबसे पहले इंग्लैंड में हुई थी. इसकी खेती का श्रेय रे ब्राउन को जाता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रे ब्राउन ने जेनेटिक म्यूटेशन के जरिए काले टमाटर को तैयार किया था. वहीं काले टमाटर की खेती में सफलता के बाद अब भारत में भी काले टमाटर (Black Tomato) की खेती शुरू हो चुकी है. इसे यूरोप के मार्केट में ‘सुपरफूड’ कहते हैं.
काले टमाटर की खेती कैसे होती है?
लाल टमाटर की तरह ही काले टमाटर की भी खेती की जाती है. भारत की जलवायु काले टमाटर की खेती के लिए भी उपयुक्त है. इसकी खेती के लिए जमीन का पीएच मान 6-7 के बीच होना जरूरी है. वहीं काले टमाटर की बुवाई करने के लिए जनवरी का महीना सबसे सही रहता है. जब आप इस समय काले टमाटर की बुआई करते हैं तो मार्च-अप्रैल तक आपको इसकी फसल मिलना शुरू हो जाती है. हालांकि, इसकी पैदावार लाल रंग के टमाटरों के मुकाबले थोड़ी देरी से शुरू होती है.
काले टमाटर में हैं कई औषधीय गुण
लाल टमाटर की तुलना में काले टमाटर को थोड़ा ज्यादा समय तक ताजा रख सकते हैं. वहीं इसमें औषधीय गुण भी लाल टमाटर के मुकाबले ज्यादा पाए जाते हैं. काला टमाटर बाहर से काला और अंदर से लाल होता है. अगर आप कच्चे टमाटर का सेवन करते हैं, तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह स्वाद में न ज्यादा खट्टा होता है न ज्यादा मीठा होता है, इसका स्वाद नमकीन जैसा होता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वजन कम करने से लेकर, शुगर लेवल को कम करने और कोलेस्ट्रॉल को घटाने में भी उपयोगी है.
काले टमाटर की खेती में लागत और मुनाफा
अगर काले टमाटर की खेती में लागत की बात करें, तो एक एकड़ काले टमाटर की खेती करने में लगभग एक लाख रुपये का खर्च आता है. वहीं, उपज मिट्टी व बुवाई के समय पर निर्भर करता है. आमतौर पर एक एकड़ भूमि में लगभग 200 क्विंटल काले टमाटर का उत्पादन होता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाजार में यह लगभग 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक जाता है.




