किसानों को बड़ा तोहफा, जीएसटी कट से ट्रैक्‍टर से लेकर खाद तक होंगे सस्ते

0
215

देश के करोड़ों किसानों को दिवाली से पहले मोदी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में खेती-किसानी से जुड़ी कई चीजों पर टैक्स घटाने का ऐलान किया गया है. इसका सीधा असर कृषि उपकरणों और ट्रैक्टर जैसी चीजों की कीमत पर पड़ेगा. अब किसानों को खेती-बाड़ी के जरूरी सामान पहले से सस्ता मिलेगा.

जीएसटी काउंसिल की बैठक में सबसे बड़ी राहत ट्रैक्टर पर दी गई है. पहले ट्रैक्टर पर 12 फीसदी जीएसटी लगता था, जो अब घटकर सिर्फ 5 फीसदी हो गया है जबकि ट्रैक्टर के टायरों और पुर्जों पर जीएसटी 18 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी किया गया है. उदाहरण के लिए, अगर आप एक 10 लाख रुपये का ट्रैक्टर लेते हैं, तो पहले आपको 1,20,000 रुपये जीएसटी देना होता था, लेकिन अब सिर्फ 50,000 रुपये देना होगा.

फर्टिलाइजर होंगे किफायती
जीएसटी कटौती से फर्टिलाइजर सस्ते हो जाएंगे. बायो कीटनाशक, माइक्रो न्यूट्रिएंट्स, ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और स्प्रिंकलर पर जीएसटी 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दिया गया है.

कृषि उपकरण भी सस्ते
अलग-अलग कृषि उपकरणों पर टैक्स घटाने से किसानों को राहत मिलेगी. पहले 18 फीसदी तक जीएसटी लगता था, लेकिन अब दरें घटाकर किसानों के लिए जेब पर बोझ हल्का कर दिया गया है.

22 सितंबर 2025 से लागू होगा बदलाव
किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती का खर्च कम करने के लिए लंबे समय से मांग उठ रही थी कि कृषि से जुड़ी वस्तुओं पर जीएसटी घटाया जाए. यह बदलाव 22 सितंबर 2025 से लागू होगा. ऐसे में दिवाली से पहले किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है. खाद से लेकर ट्रैक्टर तक की कीमतें कम होने से खेती-बाड़ी और सस्ती हो जाएगी.