8वीं पास किसान का कमाल! एक ही खेत में उगाईं दो फसलें

0
13

बुरहानपुर में एक किसान ने खेती में नवाचार कर शानदार उदाहरण पेश किया है. लक्ष्मण चौहान एक ही जमीन पर दो तरह की फसलें उगाकर सालाना लाखों की कमाई कर रहे हैं. 12 एकड़ खेत में गेहूं, चना और सब्जियों की खेती से उनकी आमदनी लगातार बढ़ रही है. करीब 3 लाख की लागत में 5 से 6 लाख रुपए तक की कमाई हो रही है. 20 साल से खेती कर रहे किसान अब दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं.

बुरहानपुर जिले के जैनाबाद क्षेत्र के रहने वाले 55 वर्षीय किसान लक्ष्मण चौहान इन दिनों अपनी खेती के तरीके को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने पारंपरिक खेती में थोड़ा बदलाव करते हुए ऐसा मॉडल अपनाया है जिससे उनकी आय लगातार बढ़ रही है.

लक्ष्मण चौहान बताते हैं कि उन्होंने खेती का काम अपने पिता से सीखा. वे करीब 20 सालों से खेती कर रहे हैं. पढ़ाई उन्होंने केवल आठवीं कक्षा तक ही की है, लेकिन खेती के अनुभव और नए प्रयोगों की वजह से आज वे अच्छी कमाई कर रहे हैं.

12 एकड़ खेत में कर रहे कई तरह की खेती
किसान लक्ष्मण चौहान करीब 12 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं. अपने खेत में वे गेहूं और चना जैसी फसलों के साथ-साथ समय-समय पर सब्जियों की खेती भी करते हैं.

उनका कहना है कि अलग-अलग फसलों की खेती करने से जोखिम भी कम रहता है और आमदनी के कई रास्ते बन जाते हैं. इसी वजह से उनकी खेती अब पहले से ज्यादा फायदेमंद हो गई है.

एक ही खेत में दो फसलें, बढ़ा उत्पादन
लक्ष्मण चौहान की खास बात यह है कि वे एक ही जमीन पर दो तरह की फसलें उगाते हैं. फिलहाल उन्होंने अपने खेत में गेहूं के साथ चने की फसल लगाई हुई है. एक ही जमीन पर दो फसलें लगाने से खेत की पूरी क्षमता का उपयोग हो जाता है. इससे उत्पादन भी अच्छा मिलता है और लागत भी कम आती है.

3 लाख की लागत, 5-6 लाख की कमाई
किसान लक्ष्मण चौहान बताते हैं कि 12 एकड़ खेत में खेती करने के लिए उन्हें करीब 3 लाख रुपए की लागत लगती है. लेकिन अच्छी पैदावार की वजह से उन्हें सालाना करीब 5 से 6 लाख रुपए तक की कमाई हो जाती है.

वे समय-समय पर खेती में नए प्रयोग भी करते रहते हैं ताकि उनकी आय और बढ़ सके. उनकी सफलता की कहानी अब आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है और कई किसान उनके तरीके को अपनाने की कोशिश कर रहे हैं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here