पान की खेती को इतना नाज़ुक क्यों माना जाता है कि एक गलती से पूरा ‘बरेज’ नष्ट हो सकता है? पान के व्यापारी से जानिए पान की बुवाई का सही समय और इसकी खेती में बरती जाने वाली कड़ी सावधानियों के पीछे का कारण.
पान, जिसे ‘हरे सोने’ की खेती भी कहा जाता है, वाकई में कांच जितना नाज़ुक होता है. पान की खेती करने वाले किसान और व्यापारी जानते हैं कि थोड़ी सी भी गलती उनके पूरे ‘बरेज’ (पान के खेत को स्थानीय भाषा में बरेज कहते हैं) को नष्ट कर सकती है. आखिर क्यों पान की खेती में इतनी ज़्यादा सावधानी बरती जाती है? इस राज़ को समझने के लिए, हमने पान के एक अनुभवी व्यापारी से बात की, जिन्होंने खेती के हर पहलू को विस्तार से समझाया.
मध्य प्रदेश में पान की बुवाई का ‘परफेक्ट टाइम’
मध्य प्रदेश में पान की खेती का काम 15 जनवरी के बाद शुरू होता है. यह खेती अपने आप में एक कला है.
मिट्टी की तैयारी: अच्छी खेती के लिए भूमि की गहरी जुताई करके उसे खुला छोड़ा जाता है. फिर दो बार हल्की जुताई के बाद मेड़बंदी की जाती है. यह सारा काम 15-20 फरवरी तक पूरा हो जाना चाहिए.
बेल लगाना: तैयार क्यारियों में पान की बेलों को फरवरी के अंतिम सप्ताह से 20 मार्च तक पंक्ति विधि से डबल बेलों के रूप में लगाया जाता है.
रोपाई का समय और गर्मी से बचाव का ‘सिक्योरिटी कवर’
पान की बेल की हर गांठ पर जड़ें होती हैं. रोपण के लिए पान की बेल के मध्य भाग की कटिंग ली जाती है. रोपाई का सही समय किसान के लिए सबसे ज़रूरी है:
चूँकि मार्च से तापमान तेज़ी से बढ़ता है, इसलिए पौधों को गर्मी से बचाने के लिए उन पर घास से ढक दिया जाता है (मल्चिंग). नमी बनाए रखने के लिए तीन बार पानी छिड़काव भी किया जाता है. अगर सुरक्षा न की जाए, तो बेलें गर्मी से सिकुड़ जाती हैं और पत्तियाँ किनारों से झुलस जाती हैं, जिससे पूरा उत्पादन खराब हो जाता है. इसलिए सावधानी और अच्छी देखभाल की बहुत ज़रूरत होती है. खासकर रीवा के प्रसिद्ध बांग्ला पान की रोपाई मई से मध्य जून तक की जाती है, जबकि बाकी बेल जून से मध्य जुलाई तक लगाई जाती है.
पान के पौधे लगाने का सही तरीका
एक हेक्टेयर क्षेत्र के लिए करीब 1.5 लाख लताएं सही मानी जाती हैं. रोपाई के समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना पड़ता है:
दूरी: मेड़ से मेड़ के बीच की दूरी 80-100 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 10-20 सेंटीमीटर रखी जाती है.
समय: रोपाई हमेशा सुबह 11 बजे से पहले और दोपहर 3 बजे के बाद करनी चाहिए, ताकि तेज़ धूप से बचा जा सके.
रोपण: हर क्यारी में 10-20 सेंटीमीटर की दूरी पर 4-5 सेंटीमीटर की गहराई पर तीन बेलें लगाई जाती हैं. रोपाई के बाद भीगे हुए पुआल की हल्की परत से ढक दिया जाता है, ताकि हवा का संचार बना रहे और मिट्टी में नमी बनी रहे.
पान के प्रकार मगही से मीठी पत्ती तक, सेहत का राज़
पान सिर्फ खाने का शौक़ नहीं है, यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है. भोजन के बाद पान खाने से पाचन क्रिया सही रहती है. पान की मुख्य पाँच किस्में हैं, जिन्हें पत्तियों की बनावट और रासायनिक गुणों के आधार पर वैज्ञानिक रूप से पहचाना जाता है:
बांग्ला
मगही
सांची
देशवारी
कपूरी और मीठी पत्ती




